नई दिल्ली का इतिहास: सत्ता, साम्राज्य और समय की कहानी History of New Delhi: A Story of Power, Empire, and Time

स्वतंत्रता दिवस विशेष
एक शहर, अनगिनत साम्राज्य... स्वतंत्रता की कहानी बयां करती है दिल्ली
मैं नई दिल्ली हूं... 100 साल पहले मिला था नाम, मैं आजादी के संघर्ष की गवाह हूं।
मैं दिल्ली हूं। हर 15 अगस्त को जब लाल किले से तिरंगा लहराता है, करोड़ों आंखें मेरी ओर उठती हैं। तब लोग मुझे राजधानी कहते हैं। लेकिन मैं केवल राजधानी नहीं हूं... मैं वह दिल्ली हूं जिसने साम्राज्यों का उत्थान-पतन, गुलामी और आजादी—सब देखा है।
मेरी उम्र किसी सरकारी कागज में दर्ज नहीं। मेरी पुरानी यादों में इंद्रप्रस्थ का नाम आता है, लेकिन इतिहास की साफ रोशनी में मेरी पहचान तोमर राजाओं के समय उभरती है। अनंगपाल तोमर से लालकोट का नाम जुड़ा है, जिसे अरावली की पहाड़ियों के पास दीवारों से घेरा गया। बाद में चौहानों ने इसे फैलाया और किला राय पिथौरा बना।
आज उन दीवारों के बचे पत्थर बताते हैं कि मेरी कहानी केवल सल्तनत और मुगलों से शुरू नहीं होती। मेरी रगों में पुराने नगर ढिल्लिका की भी धड़कन है, चौकियां हैं, तालाब हैं और हिल्लिका नाम की एक पुरानी आहट भी है।
फिर घोड़ों की टापों का दौर आया। दिल्ली सल्तनत बनी। गुलाम वंश, खिलजी, तुगलक, सैयद और लोदी शासकों ने मुझे ढालना चाहा। मेरी भीतरी सीढ़ियां बनीं, तुगलकाबाद उठा, जहांपनाह बनी और फिरोजाबाद ने यमुना के किनारे जगह बनाई।
मुगलों के साथ मेरी रंगत बदली। हुमायूं ने दीनपनाह का सपना देखा, शेरशाह ने वहीं अपनी छाप छोड़ी। फिर शाहजहां ने शाहजहांबाद बसाया। लाल किला उठा, जामा मस्जिद बनी और चांदनी चौक मेरी धड़कन बन गया। अमीर खुसरो से मीर, गालिब और जफर तक, मेरी हवाओं ने कई आवाजों को शब्द दिए।
मैंने युद्धों के मंजर भी देखे हैं। 1739 में नादिर शाह की बर्बरता की शिकार बनी। 1757 में अहमद शाह अब्दाली की सेना ने मुझे लूटा। मुगल सत्ता कमजोर होती गई। बादशाह लाल किले में बैठा रहा, लेकिन ताकत कभी दरबारियों, कभी अफगानों, कभी सरदारों और सेनाओं के हाथ में चली गई।
18वीं सदी में मराठे मेरे इतिहास का जीता-जागता हिस्सा बने। पानीपत की तीसरी लड़ाई के झटके के बाद वे फिर उत्तर भारत लौटे। 1771-72 में उन्होंने दिल्ली पर अपना असर कायम किया और शाह आलम द्वितीय को इलाहाबाद से लौटाकर तख्त पर बैठाया। महादजी सिंधिया के समय शाह आलम बादशाह जरूर था, लेकिन हकीकत में ताकत मराठा सरदारों के हाथ में थी।
1857 में मेरे भीतर दबा लावा फिर फूट पड़ा
मेरठ से आए बागी सिपाही मेरे दरवाजों तक पहुंचे और बहादुरशाह जफर को अपने संघर्ष का प्रतीक बना लिया। सिपाही, दस्तकार, शहर के लोग और आसपास से आए लड़के अंग्रेजी राज के खिलाफ खड़े हुए।
तालमेल पूरी तरह नहीं था, लेकिन उनके विद्रोह ने कंपनी की अजेयता का भ्रम चूर कर दिया।
अंग्रेज फिर से लौटे तो उन्होंने मुझे केवल जीता नहीं, सजा भी दी। मोहल्ले उजाड़े गए, लोगों को फांसी दी गई और लाल किले में मुकदमा चला, जहां कभी उनके पुरखों का दरबार लगता था।
1858 में कंपनी का राज खत्म हुआ और सत्ता ब्रिटिश ताज के हाथ में चली गई, मगर मेरे घाव हरे रहे।
नई राजधानी का जन्म
1911 में किंग जॉर्ज पंचम ने ऐलान किया कि ब्रिटिश भारत की राजधानी कलकत्ता से दिल्ली लाई जाएगी।
रायसीना की पहाड़ी और आसपास के गांवों की जमीन पर नई राजधानी बनने लगी। अंग्रेज समझते थे कि उनका राज हमेशा रहेगा।
31 दिसंबर 1926 को इस राजधानी का नाम आधिकारिक रूप से ‘नई दिल्ली’ रखा गया। लेकिन समय ने करवट ली। आजादी की आवाज उन्हीं सड़कों पर गूंजने लगी।
15 अगस्त 1947 को भारत आजाद हुआ। पहली बार स्वतंत्र भारत की राजधानी बनी और मेरे आसमान में अपने देश का तिरंगा लहराया।
29 दिसंबर 1902 का दृश्य
वायसराय और लेडी कर्जन, कनॉट के ड्यूक और डचेस, मैसूर के महाराजा, हैदराबाद के निजाम और कई अन्य भारतीय राजकुमार दिल्ली में प्रवेश कर रहे हैं।
आज की दिल्ली
आज मैं संसद की बहस हूं, जंतर-मंतर का सवाल हूं, विश्वविद्यालयों की बेचैनी हूं और मेट्रो में सफर करता रोजमर्रा का ख्वाब हूं।
15 अगस्त को लाल किले पर तिरंगा लहराता है, तो मैं केवल आजादी का उत्सव नहीं मनाती। मैं उन अनगिनत लोगों को भी याद करती हूं, जिन्होंने मुझे सत्ता की राजधानी से लोकतंत्र की राजधानी बनाया।
31 दिसंबर 2026 को ‘नई दिल्ली’ नाम के सौ साल पूरे होंगे। मगर मेरी उम्र केवल सौ साल नहीं; यह मेरी लंबी कहानी का केवल एक छोटा-सा अध्याय है।
मैं घायल भी हुई और फिर उठ खड़ी हुई। मैं सिर्फ भारत की राजधानी नहीं, उसकी याद, उसकी चाह, उसकी बेचैनी और उम्मीद भी हूं।
हर 15 अगस्त को जब तिरंगा मेरी प्राचीर पर लहराता है, मैं उन अनगिनत लोगों को याद करती हूं जिन्होंने मेरे शहर को अपना घर और अपने देश का दिल बनाया।
हां, मैं वही दिल्ली हूं।
🌐 Visit Our Blog:
https://abhimanyusir.blogspot.com/
Search Me On Google Using Keywords: - #Abhimanyusir #AbhimanyuDahiya #UltimateGeography Abhimanyu Sir
Visit My YouTube Channel Using Keywords: - Abhimanyu Sir Dahiya, Abhimanyu Dahiya Ultimate Geography
