Skip to main content

क्या आप जानते हैं? चीवर, विंटर लाइन, तोक, चिनूक, सीवियर कोल्ड डे, येलो अलर्ट, ऑरेंज अलर्ट और रेड अलर्ट क्या होते हैं?

1.      चीवर क्या होता है?

बौद्ध भिक्षु का काषाय वस्त्र, जो कई टुकड़ों के साथ जोड़कर बनाया जाता है। भगवान बुद्ध ने पाँसूकूलिक अर्थात चीथड़ों को जोड़कर चीवर बनाने की परंपरा बनाई थी, किन्तु ज्ञान प्राप्ति के 20 साल बाद यानि 2590 साल पहले उपासकों से चीवर लेने की अनुमति दी थी। बौद्ध गृहस्थों व श्रद्धालुओं को उपासक या उपासिका कहते हैं। भारत में चीवर नागपुर (महाराष्ट्र) में बनते हैं।

2.      विंटर लाइन क्या होती है?

आमतौर पर मसूरी (Mussoorie) (उत्तराखंड) में नवंबर से लेकर फरवरी के बीच सूर्यास्त के बाद पश्चिम दिशा में आसमान में एक अनोखा नजारा दिखाई होता है। आसमान में लाल एवं नारंगी रंग की रेखा उभरती है जिसे विंटर लाइन कहते हैं। यह एक अद्भुत घटना है, जो दुनिया में कुछ जगहों पर ही दिखाई देती है। इसमें मसूरी (भारत), केपटाउन (दक्षिण अफ्रीका), स्विटजरलैंड (यूरोप) शामिल हैं।

3.      तोक क्या होता है?

भारत - चीन सीमा पर पिथौरागढ़ (Uttarakhand) में बसे छोटे-छोटे गांवों को तोक कहते हैं। हर साल ज्यादातर तोक के लोग मार्च से नवंबर तक के महीनों में माइग्रेशन करते हैं। अधिकांश तोक, सड़क से 52 से 73 किलोमीटर दूरी पर बसे ग्रामीण क्षेत्र हैं।

4.      चिनूक क्या है?

चिनूक भारतीय वायुसेना के एक हेलिकाप्टर का नाम है और उत्तर अमेरिका में रॉकी पर्वतों से पूर्व दिशा की ओर घाटियों में बहने वाली गर्म शुष्क हवा को चिनूक कहते हैं, जिसका शाब्दिक अर्थ ‘हिमभक्षी’ होता है।

5.      सीवियर कोल्ड डे किसे कहते हैं?

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार जब किसी स्थान का तापमान वहाँ के सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच जाता है तो उसे ‘सीवियर कोल्ड डे’ कहते हैं। जब तापमान सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस नीचे तक होता है तो उसे ‘कोल्ड डे’ कहते हैं।

6.      वर्षा के संबंध में येलो अलर्ट, ऑरेंज अलर्ट और रेड अलर्ट क्या होते हैं?

जब 24 घंटों में 6 cm से 11 cm बारिश होने की संभावना हो तो मौसम विभाग (IMD) द्वारा बारिश का येलो एलर्ट (Heavy Rainfall), अगर 6 cm से 20 cm बारिश होने की संभावना हो तो ऑरेंज एलर्ट (Heavy to Very Heavy Rainfall) तथा अगर 24 घंटों में 20 cm से ज्यादा बारिश होने की संभावना हो तो बारिश का रेड एलर्ट) (Heavy to Extremely Heavy Rainfall) जारी किया जाता है।